प्री-वेडिंग फोटोशूट बना आखिरी याद, मंगेतर के सामने डूबा युवक
Share
गौरीधाम के गहरे कुंड में हादसा, 20 घंटे बाद मिला शव
राजसमंद, 11 जून: शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गौरीधाम में प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान 20 वर्षीय युवक अर्जुन दमामी गहरे कुंड में डूब गया। लगभग 20 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसका शव बरामद किया गया।
दिवेर थाना प्रभारी दौलत सिंह ने बताया कि अर्जुन अपनी मंगेतर और उसके चाचा के साथ गौरीधाम घूमने आया था। फोटोशूट के लिए दोनों प्राकृतिक चट्टानों के पास गए, जहां पानी के निकट जाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में समा गया।
मंगेतर ने शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन तब तक अर्जुन डूब चुका था। सूचना पर पुलिस, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ ने संयुक्त अभियान चलाया।
दुर्गम पहाड़ी और गहरे पानी के कारण रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। मृतक की एक माह पूर्व ही सगाई हुई थी और दिसंबर में शादी तय थी। हादसे से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
