सुरों की महफिल में गूंजेंगे सुमन कल्याणपुर और एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम के अमर गीत
Share
सुरों की मंडली की संगीत संध्या आज, महान गायन विभूतियों को दी जाएगी संगीतमय श्रद्धांजलि
उदयपुर, 13 जून : शहर के संगीत प्रेमियों के लिए शनिवार की शाम यादगार बनने जा रही है। प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था सुरों की मंडली की ओर से आयोजित विशेष संगीत संध्या में हिंदी फिल्म संगीत की दो महान हस्तियों, पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर और सुप्रसिद्ध गायक एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम को उनके सदाबहार गीतों के माध्यम से भावभीनी संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम अशोका पैलेस स्थित मधुश्री में शाम 4 बजे से 8 बजे तक होगा। कार्यक्रम में सुरों की मंडली से जुड़े कलाकार दोनों दिग्गज गायकों के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिससे श्रोताओं को हिंदी सिने संगीत के स्वर्णिम दौर की मधुर यादों को फिर से जीने का अवसर मिलेगा।
मुकेश माधवानी ने बताया कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को भारतीय संगीत जगत की महान विभूतियों के योगदान से परिचित कराने का प्रयास भी है। संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों ने संगीत प्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर सुरों से सजी इस विशेष संध्या का आनंद लेने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम की खास बातें
- आयोजन : सुरों की मंडली संगीत संध्या
- दिनांक : 13 जून
- समय : शाम 4 से 8 बजे
- स्थान : मधुश्री, अशोका पैलेस, उदयपुर
- श्रद्धांजलि : सुमन कल्याणपुर एवं एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम
- प्रस्तुति : संस्था से जुड़े कलाकारों द्वारा सदाबहार गीत
