LOADING

Type to search

यात्री सुविधा दिवस पर एयरपोर्ट बना संस्कृति और सेवा का संगम

Business

यात्री सुविधा दिवस पर एयरपोर्ट बना संस्कृति और सेवा का संगम

Share

वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, यात्रियों का तिलक लगाकर किया स्वागत
उदयपुर, 15 जून:
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देशानुसार महाराणा प्रताप हवाई अड्डा (डबोक) पर सोमवार को यात्री सुविधा दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशाल तिरंगे की छाया में सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई, जिसमें एयरपोर्ट प्रशासन, सीआईएसएफ, एयरलाइंस कर्मियों, ग्राउंड स्टाफ, सफाई मित्रों और यात्रियों ने भाग लिया।
विमानपत्तन निदेशक सांवरमल सिंगारिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले हाउसकीपिंग कर्मियों तथा विभिन्न एजेंसियों की महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
राजस्थानी संस्कृति से रूबरू हुए यात्री
एयरपोर्ट पर देशी-विदेशी यात्रियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर स्वागत किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे और भोजन पैकेट भी वितरित किए गए। यात्रियों के लिए मुलेला टेराकोटा कला और कुंभकारी कला के लाइव स्टॉल लगाए गए, जहां कई पर्यटकों ने स्वयं चाक पर मिट्टी के पात्र बनाने का अनुभव लिया। महिला यात्रियों और बच्चों के लिए नेल आर्ट काउंटर भी आकर्षण का केंद्र रहा।
स्वास्थ्य जांच और पौधरोपण भी हुआ
यात्रियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। वहीं एयरपोर्ट परिसर में निदेशक सांवरमल सिंगारिया, सीआईएसएफ उप कमांडेंट सुभाष सामोता और मिराज ग्रुप के अध्यक्ष मदन पालीवाल के नेतृत्व में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रशासन की इस पहल को सराहते हुए इसे यादगार और अनूठा अनुभव बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *