संक्षिप्त खबरें : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर आकर पाली जाएंगे
Share
उदयपुर, 19 जून: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की शनिवार को उदयपुर में ट्रांजिट यात्रा रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12ः15 बजे वायुयान द्वारा महाराणा प्रताप, डबोक पहुंचेंगे एवं तत्काल ही हेलीकॉप्टर द्वारा सुमेरपुर, पाली के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष आज उदयपुर में
उदयपुर: राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डाॅ. अरुण चतुर्वेदी रविवार को उदयपुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डाॅ. चतुर्वेदी सड़क मार्ग द्वारा सायं 5 बजे जैसलमेर से उदयपुर पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस उदयपुर में रहेगा। चतुर्वेदी अगले दिन सोमवार को जिले में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे सायं 6ः10 बजे उदयपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष भी आएंगे
उदयपुर: राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक रविवार को उदयपुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नायक रविवार शाम 4 बजे उदयपुर सर्किट हाउस पहुंचेंगे। अगले दिन सोमवार को प्रातः 9 बजे एकलिंग महाराज मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वे 11ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। नायक दोपहर 2 बजे उदयपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
किसान आयोग अध्यक्ष चौधरी आ रहे उदयपुर
उदयपुर: राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सी.आर. चौधरी रविवार को उदयपुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चौधरी रविवार अपरान्ह 3ः30 बजे सड़क मार्ग द्वारा डूंगरपुर से उदयपुर पहुंचेंगे। चौधरी उदयपुर में कृषि एवं संबंद्ध विभागों की समीक्षा बैठकलेंगे। तत्पश्चात चौधरी शाम को उदयपुर से नाथद्वारा राजसमन्द के लिए प्रस्थान करेंगे।
सलूम्बर में सरणी नदी स्वच्छता महाअभियान कल से
सलूंबर: सलूम्बर की सरणी नदी को स्वच्छ और संरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में, जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने 20 जून को होने वाले विशेष सरणी नदी स्वच्छता महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिला कलेक्टर ने सरणी नदी को क्षेत्र की पहचान और प्राकृतिक विरासत बताया। उन्होंने कहा कि इसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बांसवाड़ा में टीनशेड की छत से गिरी महिला, घायल
बांसवाड़ा: शहर लोहारिया थाना क्षेत्र के अलोपेशवर गांव में शुक्रवार सुबह हुए एक हादसे में महिला घायल हो गई। महिला की घर की छत पर लगी टीनशेड पर चढ़ी थी, इस दौरान जंग लगी टीनशेड टूट गई, जिससे महिला नीचे गिर गई। हादसे में महिला के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में महिला को महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अलोपेशवर निवासी जशोदा पत्नी गटु सुबह करीब 11 बजे अपने कच्चे मकान की टीनशेड वाली छत पर किसी काम से चढ़ी थी। इसी दौरान छत पर जंग लगी टीनशेड बीच में से टूट गई और जशोदा सीधे नीचे पक्के फर्श पर आ गिरी।
एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट, कई व्यापारी दुकानें बंद कर भागे
सलूंबर: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सलूंबर के वन नाका क्षेत्र, झल्लारा और भबराना में सघन निरीक्षण अभियान चलाकर 60 किलोग्राम अवधि-पार एवं अनुपयोगी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट करवाई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही भबराना क्षेत्र के कई व्यापारी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. के निर्देश पर हुई कार्रवाई में झल्लारा स्थित नमन ट्रेडर्स पर मसाले, घी, चिप्स, कॉर्न फ्लेक्स, पापड़, पोहा, राजगीरा और सिंघाड़ा आटा सहित बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बिक्री के लिए रखी मिली। विभाग ने सामग्री को मौके पर ही गड्ढे में डालकर नष्ट कराया। टीम ने सरसों तेल, काजू, नमक, रसगुल्ला, लड्डू, चाय और धनिया पाउडर समेत 8 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
