थाई स्पा की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़
Share
छापे में 4 विदेशी महिलाएं मिलीं, 3 संचालक गिरफ्तार; वीजा और दस्तावेजों की जांच जारी
चित्तौड़गढ़, 23 जून: शहर के पैराडाइज होटल में संचालित एक थाई स्पा सेंटर पर पुलिस की कार्रवाई में कथित देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस ने ब्ल्यू हेवन थाई स्पा पर छापा मारकर चार विदेशी महिलाओं को बरामद किया तथा स्पा से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि स्पा की आड़ में ग्राहकों से राशि लेकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
बोगस ग्राहक से हुई पुष्टि
डीएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा भेजा गया। पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की। मौके से नकदी, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य सामग्री जब्त की गई।
विदेशी महिलाओं के दस्तावेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार स्पा में मिली महिलाओं में लाओस, थाईलैंड और युगांडा की नागरिक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राहकों से लेन-देन का प्रबंधन संचालक करते थे तथा भुगतान नकद और ऑनलाइन माध्यमों से लिया जाता था। डायरी में ग्राहकों और रकम का रिकॉर्ड भी मिला है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं विदेशी महिलाओं के वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। महिलाओं के पुनर्वास संबंधी पहलुओं पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
