3,298 गर्भवतियों की जांच, 356 को मिले मां वाउचर
Share
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान
उदयपुर, 9 जुलाई: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को जिले के 134 चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 3,298 गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया, जबकि 356 महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी के लिए ‘मां वाउचर’ वितरित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराना है। सीएमएचओ डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया ने बताया कि मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को सरकारी और पंजीकृत निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निशुल्क जांच के लिए भेजा जाता है।
आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ब्लड, यूरिन, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न जांचें निशुल्क की गईं। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया। महिलाओं को स्तनपान, पोषण, टीकाकरण तथा आयरन, कैल्शियम और पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
