नशा तस्करों पर चला बुलडोजर, हिस्ट्रीशीटर का अवैध आशियाना जमींदोज
Share
चारागाह भूमि पर बना 2 हजार वर्गफीट का निर्माण ध्वस्त, मादक पदार्थ तस्करी में आरोपी हैं तीनों बेटे
प्रतापगढ़, 11 जुलाई: प्रतापगढ़ में नशा तस्करों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को अरनोद थाना क्षेत्र के नौगांवा गांव में हिस्ट्रीशीटर जरीन खान के सरकारी चारागाह भूमि पर बने करीब दो हजार वर्गफीट के अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जरीन खान और उसके तीनों बेटों पर मादक पदार्थ तस्करी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि जरीन खान थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता भी है। उसके बेटे शाहरुख, अरबाज और सलमान भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में आरोपी हैं।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए छह थानों का जाब्ता और रिजर्व पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल तैनात किया गया। तहसीलदार नितिन मेरावत के निर्देशन में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पिछले एक माह में जिले में पांच बुलडोजर कार्रवाइयों के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां ध्वस्त की जा चुकी हैं।
