युवक को उल्टा लटकाकर पिटाई के मामले में 11 गिरफ्तार
Share
उदयपुर, 15 जुलाई: सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में शराबबंदी के नाम पर युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 12 मई को हुई इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और 11 लोगों को डिटेन कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक चूनाराम गमेती शराब पीकर घर पहुंचा था और पिता से अभद्र व्यवहार व मारपीट की थी। अगले दिन समाज के पंचों ने बैठक कर उस पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर बरगद के पेड़ पर उल्टा लटका दिया और मारपीट की गई। सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
