हाथी के हमले में युवक गंभीर घायल, साधु पर लग रहे आरोपों की जांच
Share
परिजनों का दावा: ₹500 नहीं देने पर कराया हमला, पुलिस बोली- सूंड के पास जाने से हाथी हुआ आक्रामक
बांसवाड़ा, 18 जुलाई: बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना क्षेत्र में एक हाथी के हमले में 50 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को पहले कुशलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर परिजनों और पुलिस के अलग-अलग दावे सामने आने से मामला चर्चा का विषय बन गया है।
घायल प्रभु (50) निवासी पणदा के भांजे कालू ने आरोप लगाया कि प्रभु गेहूं पिसवाकर लौट रहे थे। रास्ते में हाथी के साथ चल रहे एक साधु को उन्होंने 20 रुपये दिए, लेकिन साधु ने 500 रुपये और मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर साधु ने कथित रूप से हाथी को इशारा किया, जिसके बाद हाथी ने प्रभु को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और सीने पर पैर रख दिया।
वहीं, पाटन थाना पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था, जिससे हाथी आक्रामक हो गया और उसने हमला कर दिया। फिलहाल पैसे नहीं देने पर जानबूझकर हमला कराने जैसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
एमजी अस्पताल के उपनियंत्रक डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि युवक की दोनों ओर की कई पसलियां टूट गई हैं तथा फेफड़ों में रक्त जमा होने से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने हाथी के साथ मौजूद साधु और उसके साथियों से पूछताछ की है। पीड़ित की शिकायत दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
