फीफा वर्ल्ड कप : स्पेन-अर्जेंटीना की टक्कर बिग स्क्रीन पर देख पाएंगे फैंस
Share
होटलों, कैफे और मल्टीप्लेक्स में होगी लाइव स्क्रीनिंग, फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास इंतजाम
उदयपुर, 18 जुलाई: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर लेकसिटी में फुटबॉल का जुनून चरम पर है। रविवार रात 11 बजे स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले का रोमांच शहर के प्रमुख होटलों, कैफे, रेस्टोरेंट्स और मल्टीप्लेक्स में बड़े पर्दे पर देखने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर के पीवीआर (सेलिब्रेशन मॉल), आईनॉक्स (अर्बन स्क्वायर) और आईनॉक्स (लेकसिटी मॉल) में हाई-डेफिनिशन स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा होटल बावा, उदयकोट, होटल पिनेकल, हैंगआउट कैफे एंड रेस्ट्रो, थार विला और इयून सहित कई प्रतिष्ठानों में भी लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों ने दर्शकों को स्टेडियम जैसा माहौल देने के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन, अत्याधुनिक साउंड सिस्टम और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की है। मैच के दौरान मेहमानों के लिए विशेष फूड मेन्यू भी तैयार किया गया है, जिसमें पिज्जा, बर्गर, स्नैक्स, बारबेक्यू, मॉकटेल सहित अन्य व्यंजन शामिल हैं।
फुटबॉल प्रेमियों का कहना है कि विश्व कप फाइनल का रोमांच दोस्तों और परिवार के साथ बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव अलग ही होता है। यही कारण है कि कई स्थानों पर पहले से ही टेबल और सीटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। शहर में खेल प्रेमी रविवार देर रात तक विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबले का जश्न मनाने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
