LOADING

Type to search

जेल में हत्यारोपियों की डांस पार्टी, वीडियो वायरल

crime

जेल में हत्यारोपियों की डांस पार्टी, वीडियो वायरल

Share

रिटायर्ड ASI के बेटे के हत्याकांड के आरोपी बैरक में दावत उड़ाते दिखे, तलाशी में मिले दो मोबाइल; 8 बंदियों पर नया केस
चित्तौड़गढ़, 24 जुलाई :
राजस्थान की चित्तौड़गढ़ जिला जेल से सामने आए एक वीडियो ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपियों का बैरक में दाल-बाटी-चूरमा की दावत उड़ाते, डांस करते और मोबाइल से वीडियो बनाते हुए फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर आठ विचाराधीन बंदियों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जेल प्रशासन के अनुसार वायरल वीडियो 23 जुलाई की शाम का है। एक वीडियो में 10 से 12 बंदी एक साथ बैठकर भोजन करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे में डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो एंड्रॉयड मोबाइल से बैरक के अंदर रिकॉर्ड किया गया था। तलाशी के दौरान एक मोबाइल बंदी मोहित पुत्र दलबीर सिंह की निशानदेही पर स्टोर रूम से और दूसरा महिला वार्ड के पास लावारिस हालत में मिला। दोनों मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक साल पहले हुई थी सनसनीखेज हत्या
एक जून 2025 को बजरी विवाद के दौरान रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह, हर्षवर्धन सिंह, भैरूलाल गुर्जर सहित आठ आरोपी वायरल वीडियो में दिखाई दिए हैं। जेल अधीक्षक नरेंद्र स्वामी ने बताया कि बंदी बैरक में पार्टी करते मिले हैं। प्रतिबंधित मोबाइल जेल तक कैसे पहुंचे और वीडियो किसने वायरल किया, इसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *