आरजीएचएस में दवा व जांच व्यवस्था सुधारने की मांग
Share
उदयपुर, 28 जुलाई: राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ ने राज्य के सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधाओं और दवाओं की अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को संयुक्त निवेदन भेजा है। महासंघ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आवश्यक जांच और दवाओं की उपलब्धता नहीं होने से पेंशनरों और आम मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आरजीएचएस स्वास्थ्य योजना के तहत निजी दवा विक्रेताओं को लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण वे पेंशनरों को दवाएं देने से इनकार कर रहे हैं। महासंघ ने सरकार से बकाया भुगतान शीघ्र जारी करने, दवा आपूर्ति सुचारु करने और सरकारी अस्पतालों में जांच व उपचार व्यवस्था में तत्काल सुधार कर पेंशनरों तथा आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की है।
