आज से शुरू होगा सावन, पहले दिन बन रहे चार शुभ संयोग
Share
सोमवती नागपंचमी का दुर्लभ योग बनेगा आकर्षण, शिवालयों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
उदयपुर, 29 जुलाई: भगवान शिव को समर्पित पवित्र श्रावण (सावन) मास का शुभारंभ 30 जुलाई, गुरुवार से होगा, जो 28 अगस्त तक रहेगा। पूरे महीने शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र अर्पण, महामृत्युंजय मंत्र जाप और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जाप के साथ विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा भजन-कीर्तन और शिव आराधना का क्रम चलेगा।
इस वर्ष सावन का पहला दिन विशेष धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार पहले दिन आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, गुरुवार तथा श्रवण नक्षत्र सहित चार शुभ संयोग बन रहे हैं, जिससे शिव पूजा का महत्व और बढ़ गया है।
तीसरे सोमवार पर बनेगा सोमवती नागपंचमी का दुर्लभ योग
इस बार सावन में चार सोमवार पड़ेंगे। इनमें तीसरे सोमवार को सोमवती नागपंचमी का दुर्लभ संयोग बन रहा है, जो लगभग 13 वर्षों बाद आया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और नागदेवता की संयुक्त पूजा करने से कालसर्प दोष, भय और नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति मिलती है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पंड़ित प्रदीप द्विवेदी के अनुसार सावन में श्रद्धापूर्वक व्रत, जलाभिषेक और शिव आराधना करने से आयु, आरोग्य, सौभाग्य, वैवाहिक सुख, संतान सुख और आर्थिक समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसलिए श्रद्धालुओं से विधि-विधान के साथ भगवान शिव का पूजन करने का आह्वान किया गया है।
