सभी लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंकों का रक्त स्वीकार करने के निर्देश की मांग
Share
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने पर जोर
उदयपुर, 4 अगस्त: भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सभी राजकीय एवं निजी अस्पतालों में सरकार से विधिवत लाइसेंस प्राप्त किसी भी ब्लड बैंक द्वारा जारी रक्त और रक्त अवयवों को समान रूप से स्वीकार करने के स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
डॉ. शास्त्री ने बताया कि कई अस्पताल, विशेषकर जिनके अपने ब्लड बैंक हैं, अन्य लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंकों से उपलब्ध कराए गए रक्त को स्वीकार नहीं करते। इससे गंभीर मरीजों के उपचार में देरी होती है और परिजनों को आर्थिक, मानसिक व शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्ष 2008 में राज्य सरकार इस संबंध में निर्देश जारी कर चुकी है, लेकिन कई अस्पताल अब भी उनका प्रभावी पालन नहीं कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे वैधानिक मानकों के अनुरूप लाइसेंस प्राप्त किसी भी ब्लड बैंक का रक्त स्वीकार करें तथा बिना वैज्ञानिक या कानूनी आधार के इंकार करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, विधायक उदयलाल डांगी, नाहर सिंह जोधा, ललित सिंह सिसोदिया, भंवर सिंह पंवार, नानालाल अहारी और नानालाल बया सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

