किसान संघ ने सरकार को चेताया, लंबित बीमा राशि नहीं मिली तो तहसीलों पर होगा आंदोलन
Share
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन, सिंचाई, राजस्व सुधार और बिजली सहित कई मांगें उठाईं
उदयपुर, 5 अगस्त: भारतीय किसान संघ, जिला उदयपुर ने बुधवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर किसानों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संघ ने विशेष रूप से झालावाड़ जिले के किसानों की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और आपदा राहत अनुदान की बकाया राशि तत्काल जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो उदयपुर जिले की सभी तहसीलों पर चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
संघ ने ज्ञापन में बताया कि खरीफ-2025 में फसल खराब होने के बाद सरकार ने राहत और बीमा राशि देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बार-बार भरोसा मिलने के बावजूद किसानों के खातों में राशि नहीं पहुंची। इसके अलावा राजस्व अभिलेखों की त्रुटियों को विशेष अभियान चलाकर निःशुल्क सुधारने, “हर खेत को पानी” योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जाखम और जयसमंद बांध का पानी ग्रेविटी सिस्टम से कानोड़, भिंडर, वल्लभनगर, मावली और सनवाड़ क्षेत्र तक पहुंचाने की मांग की गई। किसान संघ ने विभिन्न तालाबों और नहरों की मरम्मत, ग्रामीण जलापूर्ति, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, नियमित बिजली, सहकारी समितियों को मजबूत करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री भारत कुमावत, उपाध्यक्ष माणंक लाल चौबीसा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र टेलर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

