नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला : राज्यपाल
Share
डूंगरपुर में नशा मुक्ति चौपाल में योजनाओं का लाभ लेने और नशामुक्त समाज बनाने का किया आह्वान
डूंगरपुर, 6 अगस्त: राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं और समाज से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वे गुरुवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, देवल खास में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशा मुक्ति चौपाल को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थी संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर योजनाओं का लाभ अवश्य लें।
उन्होंने कहा कि परिवार का मुखिया यदि नशे का शिकार होता है तो पूरा परिवार प्रभावित होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। बप्पा रावल, महाराणा प्रताप और राणा सांगा का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। राज्यपाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को गरीबी दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। अंत में उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलक्टर देशलदान, एसपी मनीष कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

