LOADING

Type to search

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़े

education

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़े

Share

प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की व हाथापाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा; बाद में कुलपति को सौंपा ज्ञापन
उदयपुर, 6 अगस्त:
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर गुरुवार को एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत आर्ट्स कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कराने को लेकर हुई। इसके बाद दोनों संगठन प्रदर्शन करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे, जहां एनएसयूआई के झंडे हटाने की बात पर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
सूचना पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह राव और हिरणमगरी थानाधिकारी रविंद्र चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
एबीवीपी के प्रदेश मंत्री जितेंद्र लोधा ने छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने, सभी विश्वविद्यालयों में समान शैक्षणिक कैलेंडर लागू करने, समयबद्ध परीक्षा परिणाम जारी करने, विश्वविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर नियुक्तियां करने तथा सरकारी महाविद्यालयों में नियमित शिक्षकों की भर्ती की मांग उठाई।
वहीं एनएसयूआई के छात्र नेता कैलाश गुर्जर ने उच्च शिक्षा में शैक्षणिक सत्र की देरी दूर करने, परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने, मूल्यांकन प्रक्रिया में सुधार तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के रिक्त पद भरने की मांग की।
मामला शांत होने के बाद दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश सोडागर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने के साथ ही कॉलेजों में शौचालयों की व्यवस्था सुधारने, जर्जर भवनों की मरम्मत कराने तथा अन्य शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *