दिन भर तेज गर्मी के बाद शाम को राहत के छींटे
Share
कुंभलगढ़ और ओडा कनूजा गांव में गिरे ओले, सड़कों और खेतों में भरा पानी
उदयपुर, 26 अप्रैल: दिन भर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान उदयपुर शहरवासियों को शनिवार शाम मौसम ने राहत दी। शहर के चित्रकूटनगर, बेदला, बड़गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। दिन भर तेज धूप के कारण तापमान ऊंचा बना रहा, लेकिन शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई। करीब दस से पंद्रह मिनट तक हुई बारिश से सड़कों पर हल्का पानी भर गया और वातावरण में ठंडक घुल गई।
बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया, जिससे लोग घरों से बाहर निकलकर राहत भरे मौसम का आनंद लेते नजर आए। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। गर्मी से बेहाल लोगों के लिए यह बदलाव राहत लेकर आया।
उधर, राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ और ओडा कनूजा गांव में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों और सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम परिवर्तन की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
