LOADING

Type to search

उदयपुर में वीडियो कांड के बाद अब ऑडियो की गूंज

Local

उदयपुर में वीडियो कांड के बाद अब ऑडियो की गूंज

Share

बीजेपी जिला मंत्री ने थाने में दी शिकायत, संगठन में बढ़ी हलचल
उदयपुर, 26 अप्रैल:
‘उदयपुर फाइल्स’ से जुड़े वीडियो विवाद के बाद अब एक कथित ऑडियो सामने आने से भाजपा संगठन में नई हलचल शुरू हो गई है। ऑडियो को लेकर भाजपा के शहर जिला मंत्री ने सूरजपोल थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई तथा इसके प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भाजपा शहर जिला मंत्री तुषार मेहता पार्टी कार्यालय में मौजूद थे, जहां वे अनौपचारिक बातचीत के दौरान ‘उदयपुर फाइल्स’ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान किसी कार्यकर्ता ने उनकी बातचीत रिकॉर्ड कर ली। कथित ऑडियो में कुछ नेताओं और पूरे प्रकरण को मैनेज करने को लेकर बातचीत होने की चर्चा है। ऑडियो सामने आने के बाद संगठन के भीतर खींचतान तेज हो गई है।
छवि खराब करने की साजिश का आरोप
इस मामले में तुषार मेहता ने कहा कि उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दूसरा गुट भी सक्रिय
ऑडियो प्रकरण के बाद पार्टी का दूसरा गुट भी सक्रिय हो गया है। चर्चा है कि इस गुट ने शहर विधायक सहित प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन नेतृत्व को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि संबंधित नेताओं ने इसे संगठनात्मक सामान्य बैठक बताते हुए सार्वजनिक टिप्पणी से इनकार किया है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच को लिखित शिकायत सौंपते हुए नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे विवादों से जनता के बीच पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है।
कार्रवाई की मांग
नाराज नेताओं का कहना है कि हालिया विवादों से संगठन को नुकसान पहुंच रहा है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। बताया जाता है कि प्रदेश प्रभारी ने संबंधित नेताओं को आश्वस्त किया है कि संगठन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और उचित समय पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शिकायत करने वाले नेताओं में शहर विधायक ताराचंद जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, अतुल चंडालिया, किरण जैन, रेखा उंटवाल, अनिल सिंघल, आकाश वागरेचा, दीपक बोल्या, नीरज अग्निहोत्री, गजेंद्र भंडारी और ललित तलेसरा के नाम बताए जा रहे हैं।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *