क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख की ठगी, 12 लोगों पर एफआईआर

Share

रूस की कंपनी बताकर कराया निवेश, जीपीएफ और लोन के पैसे भी गंवाने का आरोप
चित्तौड़गढ़, 25 जुलाई:
क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर 10 लाख रुपए से अधिक की कथित ठगी का मामला सामने आया है। जिला कारागृह में तैनात एक जेल सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को रूस की XPO.RU कंपनी से जुड़ा बताते हुए हर सप्ताह 4 से 5 प्रतिशत और हर महीने 15 से 20 प्रतिशत मुनाफे का भरोसा दिलाया। रिश्तेदार के माध्यम से मीटिंग में बुलाकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया और रेफरल बोनस का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शिकायत के अनुसार भरोसा बढ़ाने के लिए एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का नाम भी लिया गया।
पीड़ित ने जनवरी से नवंबर 2025 के बीच जीपीएफ से राशि निकालकर और करीब 8.50 लाख रुपए का लोन लेकर कुल 10.03 लाख रुपए निवेश किए, लेकिन न मुनाफा मिला और न मूल रकम वापस हुई। पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।