माहेश्वरी महिला संगठन (गौरव) एवं जिला माहेश्वरी महिला मंडल ने किया सेवा कार्य
उदयपुर, 6 जून: भारतीय संस्कृति में सर्वोच्च स्थान रखने वाली गौ-सेवा को नया आयाम देते हुए माहेश्वरी महिला संगठन (गौरव) एवं जिला माहेश्वरी महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय गौशाला में एक विशेष गौ-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पुनीत आयोजन का मुख्य आकर्षण 200 से अधिक गौ-माताओं को अर्पित किया गया विशेष ‘छप्पन भोग’ था।
अध्यक्षा सीमा लाहोटी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान कृष्ण व विष्णु समर्पित है जिन्हे गाय माता अति प्रिय है। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए गायों के स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए इस भोग में पारंपरिक खाद्य सामग्री के साथ-साथ पौष्टिक सूखे मेवे और स्वास्थ्यवर्धक औषधियाँ सम्मिलित की गईं।
संरक्षक कौशल्या गट्टियानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित महिलाओं ने गौ-माताओं की आरती उतारी, तिलक लगाया और अत्यंत स्नेहपूर्वक अपने हाथों से उन्हें भोग ग्रहण कराया। आयोजन का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि सच्ची गौ-सेवा केवल श्रद्धा तक सीमित न रहकर उनके स्वास्थ्य, पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने में है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंजू गांधी, कविता बल्दवा एवं रेखा असावा का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर संगठन (गौरव) की अध्यक्ष सीमा लाहोटी, सचिव रेखा देवपुरा, नीलम पेडीवाल, आशा नारायणीवाल, सरिता न्याति, रीमा, सरोज, प्राची, कुसुम, राजकुमारी, कला सहित 50 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी पदाधिकारियों ने टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।