ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे आरोपी ने मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती, 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो हो गया खुलासा
उदयपुर, 6 अप्रैल: राजस्थान के बांसवाड़ा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक सरकारी शिक्षक को अपराध की राह पर धकेल दिया। कर्ज के बोझ तले दबे ग्रेड सेकंड टीचर ने दो व्यापारियों से कुल 1.40 करोड़ रुपए की फिरौती मांग डाली। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के अनुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडाडा में तैनात आरोपी विकेश कुमार लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग का आदी था। इस दौरान वह लाखों रुपए हार गया और करीब 80 लाख रुपए के कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने नाम से कई लोन लिए, रिश्तेदारों के गहने गिरवी रखे और यहां तक कि पत्नी के नाम पर भी करीब 30 लाख रुपए का लोन ले लिया।
जब हालात काबू से बाहर हो गए तो उसने खुद को फर्जी गैंगस्टर बताकर व्यापारियों से फिरौती वसूलने की साजिश रची। आरोपी ने पहले व्यापारियों की रेकी की और 30 मार्च को धमकी भरे पत्र भेजे। उसने एक व्यापारी से 90 लाख और दूसरे से 50 लाख रुपए मांगते हुए पैसे नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
रकम वसूलने के लिए आरोपी ने भोयण घाटी स्थित सुनसान स्थान पर नीम के पेड़ के नीचे पैसे रखने को कहा था, ताकि वह आसानी से फरार हो सके।
31 मार्च को शिकायत मिलने के बाद राजतालाब थाना पुलिस ने शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। मूवमेंट ट्रैक कर आरोपी की पहचान की गई और उसे कुशलगढ़ के टिम्बा महुडी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।