गोगुंदा में पुलिस-प्रशासन पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप

Share

कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मतदाताओं को धमकाने का आरोप
गोगुंदा, 23 अक्टूबर:
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने और मतदाताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भूमि विकास बैंक के चेयरमैन मथुरेश नागदा और पूर्व उपजिला प्रमुख श्याम चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में सायरा थाने में पदस्थ कांस्टेबल धर्मेंद्र पर मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए धमकाने तथा ओगणा तहसील के पटवारी नाहर सिंह पर अपनी पत्नी वसिया बाई के पक्ष में वोट देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस ने जिला परिषद वार्ड संख्या दो के प्रचार के दौरान कमलेश कुमार शर्मा पर प्रत्याशी लालसिंह झाला के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप भी लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित मामलों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।