उदयपुर, 4 मई: नारायण सेवा संस्थान के सेवा महातीर्थ, बड़ी परिसर में पांच दिवसीय विशेष संवाद कार्यक्रम “अपनों से अपनी बात” का सोमवार से शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 8 मई तक प्रतिदिन शाम 5 से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए दिव्यांगजन, उनके परिजन और सेवाभावी कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजन परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, उनके अनुभवों को सुनना और सेवा कार्यों से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा करना है। प्रतिभागियों को अपने विचार और सुझाव रखने का अवसर भी दिया जा रहा है, जिससे सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सके।
मुख्य वक्ता के रूप में संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने दिव्यांग बंधुओं से संवाद करते हुए मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों और दिव्यांग सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आस्था चैनल पर किया जा रहा है, जिससे देशभर के लोग इस प्रेरणादायी पहल से जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।