डिजिटल नवाचारों से बदला राजस्थान पर्यटन का अनुभव

Share

ओबीएमएस पोर्टल: देश का पहला मल्टी-साइट सरकारी टिकटिंग प्लेटफॉर्म, 3 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने उठाया लाभ
संदीप कुमावत
उदयपुर, 19 मई:
ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विविधता के लिए पहचान रखने वाला राजस्थान अब डिजिटल पर्यटन सुविधाओं के क्षेत्र में भी देश के लिए मॉडल बनकर उभर रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ‘ऑनलाइन बुकिंग मैनेजमेंट सिस्टम’ (ओबीएमएस) ने प्रदेश में पर्यटन सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और सरल बना दिया है।
एक क्लिक पर पर्यटन की पूरी जानकारी
उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में विकसित ओबीएमएस पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से पर्यटक अब स्मारकों, संग्रहालयों, सफारी, बोटिंग, होटल, कैफेटेरिया और उद्यानों की जानकारी के साथ ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी कर सकते हैं। यह देश का पहला सरकारी मल्टी-साइट ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म है।
90 लाख बुकिंग, 3 करोड़ पर्यटक
ओबीएमएस को देश-विदेश के पर्यटकों का शानदार प्रतिसाद मिला है। अब तक करीब 90 लाख बुकिंग्स के जरिए 3 करोड़ से अधिक पर्यटकों को सेवाएं दी जा चुकी हैं। एक दिन में करीब 1 लाख टिकट बुकिंग का रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। 70 से अधिक देशों के पर्यटक इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर चुके हैं।
100 से अधिक पर्यटन स्थल जुड़े
पोर्टल पर आमेर किला, हवा महल, जंतर-मंतर, कुम्भलगढ़, सरिस्का टाइगर सफारी, झालाना लेपर्ड सफारी और जवाहर कला केन्द्र सहित 100 से अधिक पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया है।
कैशलेस और पेपरलेस सुविधा
क्यूआर आधारित ई-टिकटिंग, ऑडियो गाइड, डिजिटल बोर्डिंग पास, ऑनलाइन रिफंड, स्मार्ट सर्च और इंटरएक्टिव मैप जैसी सुविधाओं ने पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाया है। ओबीएमएस को वर्ष 2025 में स्कॉच अवॉर्ड में सिल्वर पुरस्कार भी मिल चुका है।