उदयपुर में घर में खड़ी गाड़ी का काट दिया ई-चालान

Share

जोधपुर, राजसमंद और चित्तौड़ पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
उदयपुर, 11 मई
: उदयपुर में घर पर खड़ी गाड़ियों के दूसरे शहरों में ट्रैफिक नियम तोड़ने के ई-चालान आने से वाहन मालिक परेशान हैं। सरकारी स्कूल शिक्षिका ललिता मेनारिया को जोधपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से 1000 रुपए का ई-चालान भेजा गया, जिसमें उनकी कार को ओवरस्पीड बताया गया। जबकि उस दिन कार उदयपुर स्थित घर पर खड़ी थी और शिक्षिका स्कूल में पढ़ा रही थीं। उनके पति कैलाश मेनारिया ने बताया कि चालान में लगी कार की फोटो भी उनकी गाड़ी की नहीं है।
इसी तरह हिरणमगरी निवासी प्रभुलाल सोमानी को राजसमंद पुलिस ने नो-पार्किंग का चालान भेज दिया, जबकि उनकी कार उदयपुर में ही खड़ी थी। खास बात यह रही कि चालान अगले दिन की तारीख का एक दिन पहले ही जारी कर दिया गया। वहीं बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या की कार का चित्तौड़गढ़ में ओवरस्पीड का चालान बना दिया गया, जबकि कार घर की पार्किंग में थी।
पुलिस का कहना है कि यदि किसी को गलत ई-चालान मिलता है तो वह 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा सकता है। इसके बाद जांच कर चालान निरस्त किया जा सकता है।