17 मई को होगा अंचल स्तरीय जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह
उदयपुर, 11 मई: श्री मेवाड़ वागड़ मालवा जनजाति समाज संस्थान की ओर से 12वां अंचल स्तरीय जनजाति प्रतिभा सम्मान एवं सर्व समाज शिक्षक गौरव समारोह 17 मई को उदयपुर के सुखाडिया रंगमंच टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में जनजाति समाज की 600 से अधिक प्रतिभाओं और विभिन्न जिलों के 50 शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
यह निर्णय उदयपुर सांसद एवं संस्थान के केंद्रीय संयोजक डॉ. मन्नालाल रावत की अध्यक्षता में आयोजित 10 जिलों की बैठक में लिया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी और हेमंत मीणा मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में महर्षि वाल्मीकि, राणा पूंजा भील, वीर एकलव्य, वीरबाला कालीबाई और पद्मश्री लिम्बाराम के नाम पर विभिन्न पुरस्कार दिए जाएंगे।
संस्थान के महासचिव डॉ. शंकर एच. बामनिया ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक, पीएचडी, खेल, सामाजिक नेतृत्व और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, करियर काउंसलिंग और ‘उड़ान-एक प्रेरणा’ स्मारिका का विमोचन भी होगा।