रक्षाबंधन पर रोडवेज बस में चढ़ते समय वारदात; सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
उदयपुर, 28 अगस्त: रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक महिला के गले से आधा तोले का सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया। महिला अपने बेटे के साथ चित्तौड़गढ़ जाने के लिए बस में सवार हुई थी। सीट पर बैठने के करीब 10 मिनट बाद उसे गले से मंगलसूत्र गायब होने का पता चला। काफी तलाश के बावजूद मंगलसूत्र नहीं मिला। घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र के उदियापोल चौराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड की है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई तेजसिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ निवासी और वर्तमान में उदयपुर की माली कॉलोनी में रहने वाले किशन सालवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी पत्नी ललिता और बेटा चित्तौड़गढ़ जाने के लिए बस में सवार हुए थे।
सीसीटीवी से बदमाश की तलाश
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के चलते बस स्टैंड पर महिलाओं सहित यात्रियों की भारी भीड़ थी। बस आते ही सीट पाने के लिए यात्री तेजी से बस में चढ़ने लगे। इसी दौरान बदमाश ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। रोडवेज प्रबंधन की ओर से यात्रियों को जेबकतरों से सावधान रहने की लगातार चेतावनी दी जा रही थी। पुलिस अब बस स्टैंड परिसर और प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है।