साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Share

चार महीने से चल रहे थे फरार; अहमदाबाद में घेराबंदी कर सलूंबर साइबर पुलिस ने पकड़ा
सलूंबर, 28 अगस्त:
साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में सलूंबर साइबर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले चार महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गोपनीय सूचना के आधार पर अहमदाबाद में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और सलूंबर लाकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार झल्लारा थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने बैंक खाते अन्य लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा की जाती थी और बाद में अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर दी जाती थी।
बैंक खातों के लेन-देन की जांच जारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी अहमदाबाद में छिपे हुए हैं। इसके बाद साइबर थाना सलूंबर से विशेष टीम गठित कर वहां भेजी गई। तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आरोपियों की लोकेशन की पुष्टि करने के बाद घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माना पटेल (37) और मोगा पटेल (37), निवासी खिरावाड़ा, थाना झल्लारा के रूप में हुई है। पुलिस अब इनके बैंक खातों में हुए डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। ठगी की रकम किन खातों में पहुंची, आगे कहां भेजी गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है।