रील के चक्कर में तलवार लहराई, पकड़ा गया तो थाने में कान पकड़कर मांगी माफी

Share

उदयपुर, 6 मई: सोशल मीडिया पर ‘हीरो’ बनने की चाह में एक युवक को तलवार लहराकर रील बनाना महंगा पड़ गया। झाड़ोल-बाघपुरा क्षेत्र में युवक नंगी तलवार लेकर घूमता हुआ लोगों को डराने लगा और स्टंट करते हुए वीडियो शूट कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को तलवार सहित पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद युवक के तेवर बदल गए और उसने कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि पकड़ा गया युवक लोकेश है, जो रणघाटी इलाके में तलवार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से तलवार जब्त कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फिल्मी हीरो की तरह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना चाहता था, ताकि लाइक्स और कमेंट्स मिल सकें।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस ऐसे ‘रीलबाजों’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि खतरनाक स्टंट और हथियारों के प्रदर्शन से दूर रहें, वरना कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।