पत्नी की हत्या कर फरार पति 4 माह बाद गिरफ्तार

Share

बच्चों के आंसुओं ने किया सबको भावुक
उदयपुर, 6 मई:
गोगुंदा थाना क्षेत्र में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने चार महीने बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शैतान नाथ कालबेलिया गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा और झाड़ोल के घने जंगलों में छिपा हुआ था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
मामला 1 जनवरी 2026 का है, जब आरोपी ने उण्डीथल गांव में अपनी पत्नी सीता के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। वह उसे तब तक पीटता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए नाम-हुलिया बदलकर मजदूरी करता रहा। मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं करता था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में काफी समय लगा।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे देखकर उसके मासूम बच्चे रो पड़े। यह दृश्य भावुक कर देने वाला था। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।