उदयपुर, 6 मई: बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ क्षेत्र में कथित धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बांसवाड़ा एसपी को पत्र लिखकर कलिंजरा गांव में हो रहे अवैध धर्मांतरण पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में संगठित तरीके से एक गिरोह सक्रिय है, जो लोगों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन करवा रहा है।
पत्र में डॉ. रावत ने उल्लेख किया कि कलिंजरा स्थित एक निजी स्कूल परिसर इस गतिविधि का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने स्कूल संचालक अनिल रावत और उनके पुत्र मुकेश रावत (सरकारी शिक्षक) पर बड़े पैमाने पर अवैध धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। सांसद के अनुसार, हाल ही में जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उनसे मारपीट भी की गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
उन्होंने इस पूरे मामले में राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म-संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुलिस की गोपनीय शाखा से पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही है।