ठेका कर्मचारी की मौत के बाद हॉस्पिटल के बाहर हंगामा

Share

5 घंटे धरने के बाद 12 लाख मुआवजे पर बनी सहमति, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
उदयपुर, 15 मई:
मावली क्षेत्र के गोवर्धनपुरा जीएसएस पर करंट लगने से ठेका कर्मचारी बंशीलाल जाट की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को मावली हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजन सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। करीब 5 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन की समझाइश पर मामला शांत हुआ।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मावली के एईएन हरिशंकर मीणा को हटाने की मांग की। उनका कहना था कि कर्मचारी सुरक्षा के बिना काम करने को मजबूर हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे।
एसडीएम की समझाइश के बाद बनी सहमति
एसडीएम रमेश सीरवी और फतहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानियां ने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता की। इसके बाद मृतक परिवार को कुल 12 लाख रुपए का मुआवजा दिलाने और निष्पक्ष जांच कराने के आश्वासन पर सहमति बनी। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय बंशीलाल पिछले दो वर्षों से ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। गुरुवार शाम काम के दौरान करंट लगने से वह अचेत हो गया। ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक परिवार में पत्नी और एक बेटा है।