हरियाली अमावस्या मेले के दौरान हादसा; सिविल डिफेंस टीम ने चट्टानों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला
उदयपुर, 12 अगस्त: हरियाली अमावस्या मेले के दौरान फतेहसागर झील के ओवरफ्लो गेट के सामने बुधवार को अचानक चट्टान खिसकने से हादसा हो गया। चट्टानों की चपेट में आने से सेक्टर-9 निवासी हरजीत सिंह सरदार और उनके दो साथी घायल हो गए। हरजीत सिंह के पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की DQRT टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चट्टानों के बीच फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। मेले में मौजूद लोगों की भीड़ के बीच राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया गया।
बचाव के बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से महाराणा भोपाल चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। राहत कार्य में कैलाश मेनारिया, विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, हीरालाल प्रजापत और प्रकाश राठौड़ शामिल रहे। टीम की तत्परता से घायलों को समय रहते सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।