झपटमार गैंग का खुलासा

Share

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग डिटेन; 10 वारदातें कबूलीं
उदयपुर, 22 जून:
उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने राहगीरों और महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, बैग और पर्स झपटने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शहर में 10 अन्य वारदातें करना स्वीकार किया है।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि झाड़ोल क्षेत्र के पारेवी निवासी जितेन्द्र उर्फ जेबला, हंसमुख और कमलेश को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गैंग स्कूटी सवार महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाती थी। आरोपियों ने 6 जून को उदयापोल क्षेत्र में एक युवती का बैग छीना था। वहीं 15 जून को गोवर्धनविलास, सेक्टर-14, चेतक सर्कल और रामपुरा क्षेत्र में पर्स, मोबाइल और बैग झपटने की कई वारदातों को अंजाम दिया। सेक्टर-11 से पल्सर बाइक चोरी की घटना में भी इसी गैंग का हाथ सामने आया है।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।