हनुमान चालीसा की धुन पर सूर्य नमस्कार, योगमय हुआ उदयपुर

Share

गांधी ग्राउंड से गणगौर घाट तक दिखा योग का उत्साह, मंत्री-सांसद से लेकर कलेक्टर-SP तक ने किया अभ्यास
उदयपुर, 21 जून:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झीलों की नगरी उदयपुर शनिवार को योगमय नजर आई। एक ओर महाराणा भूपाल (गांधी) ग्राउंड में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर गणगौर घाट पर राष्ट्र सेविका समिति की महिलाओं ने हनुमान चालीसा की धुन पर सूर्य नमस्कार कर योग और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गांधी ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, प्रभारी सचिव टी. रविकांत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने योगाभ्यास किया। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन भी योग मैट पर आमजन के साथ नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन से हुई। इसके बाद आयुर्वेद विभाग के विशेषज्ञों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
दिन का सबसे आकर्षक दृश्य गणगौर घाट पर देखने को मिला, जहां राष्ट्र सेविका समिति की 125 सेविकाओं ने झील किनारे सामूहिक योगाभ्यास किया। हनुमान चालीसा के मधुर पाठ के बीच किए गए सूर्य नमस्कार ने आयोजन को विशेष पहचान दी। महिलाओं ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

शिल्पग्राम में योगाभ्यास, कलाकारों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का मंत्र

उदयपुर, 21 जून: पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा शिल्पग्राम में विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया। निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षक भारती मीणा और सुमन कुमावत ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया।
लोक कलाकारों, शिल्पकारों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

योग पंचतत्वों के संतुलन की क्रिया : प्रो. सारंगदेवोत


उदयपुर, 21 जून: राजस्थान विद्यापीठ के महाराणा खेल मैदान में विश्व योग दिवस पर योग शिविर आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि पंचतत्वों के संतुलन का माध्यम है। योग गुरु डॉ. रोहित कुमावत एवं उनकी टीम ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और शिक्षकों ने सहभागिता की।

मुस्कान क्लब में लाफ्टर योग का आयोजन

उदयपुर, 21 जून: मुस्कान क्लब में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय योग शिक्षिका डॉ. सोनाली चौहान ने साउंड हीलिंग मेडिटेशन और लाफ्टर योग कराया। करीब 95 सदस्यों ने कार्यक्रम में भाग लेकर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम में डॉ. सोनाली चौहान का सम्मान भी किया गया।

योग के साथ दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

उदयपुर, 21 जून: उदयपुर पर्यावरण समिति ने वसंत विहार पार्क में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया। समिति अध्यक्ष सुशील बांठिया की अगुवाई में 100 से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया। योग विशेषज्ञ डॉ. हर्षा कानावत ने योग एवं प्राणायाम के लाभ बताए। प्रतिभागियों ने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

योगमय हुआ फतहनगर, गांव-गांव में दिखा उत्साह

फतहनगर, 21 जून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फतहनगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित हुए। नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी छैल कुंवर चारण एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। ग्रामीणों ने स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वच्छता का संकल्प लिया।

औदिच्य ब्राह्मण समाज ने कराया सामूहित योगाभ्यास

उदयपुर, 21 जून: औदिच्य ब्राह्मण समाज उदयपुर ने समाज के मांगलिक भवन में सामूहिक योगाभ्यास किया। शांतिलाल औदिच्य ने योग के महत्व और लाभों की जानकारी दी। वैद्य प्रेमशंकर औदिच्य एवं समाज के वरिष्ठजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना रहा।

मरीजों ने लिया नई जिंदगी का संकल्प

उदयपुर, 21 जून: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा आरोग्य सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम हुआ। उपचाराधीन मरीजों ने योगाभ्यास कर नशामुक्त जीवन जीने की शपथ ली। विशेषज्ञों ने योग को मानसिक मजबूती और आत्मबल का आधार बताया। कार्यक्रम में स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त समाज का संदेश दिया गया।

‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के संदेश के साथ योगाभ्यास

उदयपुर, 21 जून: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में योग शिविर आयोजित किया गया। कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह एवं हेमेन्द्र श्रीमाली मुख्य अतिथि रहे। प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। डॉ. प्रताप सिंह ने योग को विश्व कल्याण का आधार बताया।

गोवर्धन सागर की पाल पर योग कार्यक्रम

उदयपुर, 21 जून: भारत विकास परिषद मेवाड़ ने गोवर्धन सागर की पाल पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया। योगाचार्य कीर्ति जैन ने योग के सही अभ्यास और सावधानियों की जानकारी दी। सदस्यों एवं नागरिकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। कार्यक्रम के अंत में योगाचार्य का सम्मान किया गया।

विप्र सेना ने दिया सक्रिय दिनचर्या का संदेश

उदयपुर, 21 जून: विप्र सेना उदयपुर ने परशुराम चौराहा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में योग दिवस मनाया। प्रदेश मंत्री गिरीश दवे और कार्यक्रम प्रभारी गणेशलाल नागदा ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन और सक्रिय दिनचर्या का संदेश दिया गया।संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ब्रह्माकुमारी में देशभक्ति गीतों संग योगाभ्यास

उदयपुर, 21 जून: ब्रह्माकुमारी मोती मगरी स्कीम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। योग शिक्षक दिलीप कपूर और सोनल सोनी ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। करीब 100 प्रतिभागियों ने योग सत्र में भाग लिया। जीबीएच अस्पताल के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच भी की।

योग को बताया सकारात्मक जीवन का आधार

उदयपुर, 21 जून: संत निरंकारी मिशन की उदयपुर शाखा में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय मुखी जीतसिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं और सेवादारों ने योगाभ्यास किया। मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और स्वस्थ जीवन का माध्यम बताया। प्रतिभागियों ने संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

योग व जुम्बा से दिया फिटनेस का संदेश

उदयपुर, 21 जून: श्री सक्षम सोसायटी द्वारा भोपालपुरा ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग एवं जुम्बा कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष नंदकिशोर काबरा के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग शिक्षिका सुप्रिया खंडेलवाल तथा जुम्बा प्रशिक्षक विशाल मेघवाल और आरिन बानो ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में संजय खंडेलवाल सहित अन्य सदस्यों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर, 21 जून। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर के तत्वावधान में जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता (अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य में जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर उदयपुर मे योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आयोजित योग कार्यक्रम मे उदयपुर जिला मुख्यालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, न्यायिक कर्मचारीगण ने भाग लिया। योगा कार्यक्रम में अध्यक्ष बार एसोसिएशन जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर के साथ बार एसोसिएशन के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्तागण द्वारा योग किया गया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा न्यायाधीशगण एवं वरिष्ठ अधिवक्तागण को उपरना एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने कहा कि आज के युग मे योग अति आवश्यक है, प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग किया जाने से शरीर स्वस्थ रहता है एवं स्वस्थ शरीर होने से बीमारियों से बचाव होता है।
योगा कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष जोशी, कोर्ट मैनेजर सुनील जैन, अध्यक्ष बार एसोसिएशन जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही।

आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ सामूहिक योगाभ्यास

उदयपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविन्द्र नाथ टेगौर मेडिकल कॉलेज परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 408 चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम प्रातः 6 बजे प्रारंभ हुआ और सुबह 8 बजे तक चला। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग दिवस कार्यक्रम का संचालन मेडिकल कॉलेज में कार्यरत प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों गुंजन, डॉ. मेघश्याम शर्मा, डॉ. नरेंद्र जोशी एवं डॉ. विजय रजाक द्वारा किया गया।

ईएसआईसी अस्पताल में योग सत्र का आयोजन

उदयपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल द्वारा मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के सहयोग से योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष चैधरी एवं डॉ अभिषेक शर्मा ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. डी. शर्मा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है तथा इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उपनिदेशक आशीष चैधरी एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रबोध सोलंकी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, लाभार्थियों एवं आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय अधीक्षक योगेन्द्र जैन, नर्सिंग अधिकारी मनीष पराशर एवं प्रशासनिक शाखा से रामप्रकाश के विशेष योगदान एवं समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।

केन्द्रीय कारागृह में 1100 बंदियों और जेल स्टाफ ने किया योग

उदयपुर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केन्द्रीय कारागृह में रविवार को योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1100 बंदियों एवं जेल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के लाइव संदेश के प्रसारण से हुई। इसके बाद आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। योग सत्र में ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, मकरासन, शवासन, कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग की ओर से योग प्रशिक्षक देवेन्द्र सैन, अनिता जोशी, लतिका अग्रवाल, आर्ट आॅफ लिविंग के प्रशिक्षक गिरधारी व अजय दीक्षित ने योगाभ्यास कराया।
केन्द्रीय काराग्रह अधीक्षक राजपाल सिंह ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने बंदियों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपाधीक्षक श्रीमोहन मीणा, सहायक भगवान मीणा, कारापाल सतेंद्र कुमार, अचलाराम, श्री रघुवीर प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रहरियों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया।

देवास पेयजल परियोजना की टनल साइट पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

उदयपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवास पेयजल परियोजना की टनल साइट कैंप में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता मनोज, अधिशासी अभियंता बीरबल डूडी तथा एमईआईएल कंपनी के अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम है तथा नियमित योग से कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। साइट पर उपस्थित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग दिवस

स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का दिया संदेश
उदयपुर, 21 जून।।
राज्य सरकार एवं गृह रक्षा विभाग के निर्देशानुसार गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कार्यालय परिसर में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का व्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गृह रक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, गृह रक्षा स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कमांडेंट प्रणय जसोरिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं निरोगी रहता है, मानसिक तनाव और चिंता में कमी आती है तथा व्यक्ति का आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ती है। योग हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कमांडेंट श्री जसोरिया ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग एक प्रभावी उपाय के रूप में उभरा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह कई प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बच सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों से नियमित रूप से योग करने और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्लाटून कमांडर मंगलाराम ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा जीवन में अनुशासन और संतुलन बना रहता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।