कांवड़ यात्रा निकाल पीपलेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

Share

चित्र-विचित्र महादेव त्रिवेणी संगम से निकली यात्रा, महिला-पुरुष और बच्चों ने लिया भाग; सुख-समृद्धि की कामना
कोटड़ा, 9 अगस्त:
सावन माह के अवसर पर कोटड़ा क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। चित्र-विचित्र महादेव त्रिवेणी संगम से पीपलेश्वर महादेव मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली गई। टीलेश्वर महादेव मंदिर के श्री 1008 महंत श्री लक्ष्मण गिरी जी महाराज (सीताराम) के सानिध्य में आयोजित यात्रा में महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
त्रिवेणी संगम से शुरू हुई यात्रा
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ चित्र-विचित्र महादेव त्रिवेणी संगम पर भोलेनाथ के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा गुम्भाखरी, गांधीसन, गांधी सरना और कोटड़ा कस्बे से होकर गांव पामरी नदी के तट स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।
जलाभिषेक और महाआरती
पीपलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। महंत लक्ष्मण गिरी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए तन की शुद्धि के लिए स्नान, मन की शुद्धि के लिए भजन और धन की शुद्धि के लिए दान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से सद्मार्ग पर चलने और चित्र-विचित्र महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार में सहयोग करने का आह्वान किया। अंत में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में हिंदू समाज अध्यक्ष सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।