पानी की कमी हुई तो बड़ी तालाब से होगी सप्लाई
बारिश कम रहने पर पेयजल संकट की आशंका, पांच महीने पहले शुरू हुई वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी; फिलहाल हर दूसरे दिन मिल रहा पानी
उदयपुर, 2 सितंबर: उदयपुर में इस बार कम बारिश के चलते आगामी गर्मियों में पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए जलदाय विभाग ने अभी से वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। खास बात यह है कि विभाग आमतौर पर जहां सर्दी के अंतिम दौर में पानी की उपलब्धता का आकलन कर योजना बनाता है, वहीं इस बार करीब पांच महीने पहले ही संभावित संकट से निपटने की कवायद शुरू कर दी गई है।
विभाग का फोकस फिलहाल जल स्रोतों में उपलब्ध पानी और आगामी महीनों में होने वाली खपत के आकलन पर है। यदि बारिश अपेक्षा के अनुरूप नहीं होती और जलाशयों में पानी की आवक कम रहती है तो बड़ी तालाब से पेयजल सप्लाई लेने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके जरिए शहर में पेयजल आपूर्ति को बनाए रखने का वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाएगा।
गौरतलब है कि उदयपुर शहर में वर्तमान में पांतरे यानी हर दूसरे दिन पेयजल सप्लाई हो रही है। ऐसे में यदि बारिश की कमी आगे भी बनी रहती है तो गर्मियों में जल स्रोतों पर दबाव बढ़ना तय है। इससे सप्लाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
जलदाय विभाग के सहायक अभियंता बताते हैं कि अभी से संभावित पेयजल संकट का आकलन कर वैकल्पिक स्रोतों की योजना बनाई जा रही है। बारिश और जल स्रोतों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर बड़ी तालाब से पेयजल सप्लाई लेने की व्यवस्था को सक्रिय किया जाएगा, ताकि गर्मियों में शहर की पेयजल जरूरत पूरी करने में परेशानी न हो।