लाइफ जैकेट उतारकर लगाया छलांग, बचाने के लिए बोट ऑपरेटर भी पानी में उतरा
उदयपुर, 12 जून: शहर की फतेहसागर झील में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बोटिंग के लिए आया एक युवक अचानक लाइफ जैकेट उतारकर झील में कूद गया। मौके पर मौजूद बोट ऑपरेटर ने जान जोखिम में डालकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक गहरे पानी में समा गया। सिविल डिफेंस की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 15 मिनट में शव को बाहर निकाल लिया।
घटना मोती मगरी के सामने स्थित उज्जैन बोटिंग प्वाइंट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने पहले बोटिंग का टिकट लिया और बोट में बैठने पहुंचा, लेकिन कुछ ही क्षण बाद उसने लाइफ जैकेट उतारी और सीधे झील में छलांग लगा दी। घटना देखकर बोट ऑपरेटर दिल बहादुर तत्काल पानी में कूद पड़ा और युवक को बचाने का प्रयास किया, मगर वह गहराई में चला गया।
सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में लोग झील किनारे जमा हो गए।
थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। हालांकि उसके हाथ में कैनुला लगा हुआ था, जिससे अनुमान है कि वह किसी अस्पताल में उपचार कराने के बाद सीधे फतेहसागर पहुंचा था। पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।