इंसानियत की मिसाल: 51 लावारिस अस्थियों का गंगा में श्रद्धापूर्वक विसर्जन
Share
उदयपुर, 5 अप्रैल : मानवता की अनूठी पहल पेश करते हुए महाराणा प्रताप सेना ने 51 लावारिस शवों की अस्थियों का विधि-विधान से गंगा में विसर्जन किया। सेना के सेवादारों ने वैशाख माह के पुण्य अवसर पर हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी के रामघाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह संस्कार संपन्न कराया।
संस्थापक मोहन सिंह राठौड़ और महामंत्री भरत साहू ने बताया कि अस्थि कलशों का पूजन कर पिंडदान, तर्पण और पुष्पांजलि की सभी धार्मिक विधियां पूरी की गईं। मेवाड़ के पंडितों की उपस्थिति में पारंपरिक पोथी में इन अस्थियों के परिवार के रूप में सेना के सदस्यों ने अपना नाम दर्ज करवाया।
इस अवसर पर सभी सदस्यों ने गंगा स्नान कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में दीपलाल मेनारिया, अमित पोरवाल, प्रकाश प्रजापत, पुष्कर वैष्णव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह पहल समाज में सेवा और मानवता का प्रेरक उदाहरण बनी।
