मंदिर में चढ़ा स्वर्ण राष्ट्रहित में राष्ट्रपति को सौंपने की घोषणा
Share
मेवाड़ धर्मप्रमुख रोहित गोपाल सुत बोले, संकट के समय मंदिर संपत्ति भी देशसेवा में लगे
चित्तौड़गढ़, 14 मई: अमेरिका-ईरान तनाव और आर्थिक परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद मेवाड़ धर्मप्रमुख रोहित गोपाल सूत महाराज ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने चित्तौड़गढ़ स्थित निर्माणाधीन बद्रीनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित स्वर्ण राष्ट्रहित में राष्ट्रपति को सौंपने की घोषणा की है।
मेवाड़ धर्मप्रमुख ने कहा कि देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा हो तो धार्मिक संस्थाओं और मंदिरों को भी राष्ट्रसेवा में आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि श्री राजयोगी मेवाड़ मठ स्वयंभू मां कामाख्या मंदिर बद्रीनाथ ध्यान मंदिर में चढ़ाए गए स्वर्ण का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर देश और जनता के हित में किया जा सके, इसलिए इसे राष्ट्रपति को समर्पित किया जाएगा।
‘मंदिर केवल आस्था नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी के केंद्र भी’
रोहित गोपाल सूत जी महाराज ने प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक भी हैं। उन्होंने संत समाज और धार्मिक संगठनों से राष्ट्रहित में सहयोग की अपील की।
उन्होंने नागरिकों से फिजूल खर्च से बचने, संयम रखने और देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कोरोना काल में भी मेवाड़ धर्मप्रमुख ने मंदिर क्षेत्र के आसपास के गांवों में भोजन, राशन और दवाइयों की व्यवस्था कर सेवा कार्य किए थे।
