इसी माह संभव सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में नए कुलपति की नियुक्ति
Share
राजभवन में इंटरव्यू पूरे, अनुभवी चेहरों में प्रो. सारंगदेवोत सबसे मजबूत दावेदार
उदयपुर, 30 अप्रैल: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में लंबे इंतजार के बाद स्थायी कुलपति की नियुक्ति अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। राजभवन में चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले महीने नए कुलपति के नाम की घोषणा होने की संभावना है। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं, जिनमें राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। उनके प्रशासनिक अनुभव और शैक्षणिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें मजबूत दावेदार बताया जा रहा है।
अनुभव और बाहरी पैनल को मिल सकती है प्राथमिकता
कुलपति पद की दौड़ में प्रो. अल्पना कटेजा और प्रो. कैलाश डांगा के नाम भी प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। प्रो. अल्पना वर्तमान में राजस्थान यूनिवर्सिटी की कुलपति हैं, जबकि प्रो. डांगा जेएनवीयू, जोधपुर में वरिष्ठ शिक्षाविद् रहे हैं। दूसरी ओर, स्थानीय दावेदारों में प्रो. सीमा मलिक और डॉ. आनंद पालीवाल शामिल हैं, लेकिन परंपरागत रूप से बाहरी उम्मीदवारों को वरीयता मिलने के कारण उनके अवसर सीमित माने जा रहे हैं।
छह माह से स्थायी नेतृत्व का इंतजार
सुखाड़िया यूनिवर्सिटी पिछले छह महीने से स्थायी कुलपति के बिना संचालित हो रही है। फिलहाल कोटा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, लेकिन दोहरी जिम्मेदारी के कारण विश्वविद्यालय के कई प्रशासनिक निर्णय लंबित हैं। करीब 500 आवेदनों में से पांच नामों का पैनल तैयार कर राजभवन भेजा गया था। अब अंतिम निर्णय राज्यपाल स्तर पर होना है, जिससे विश्वविद्यालय को जल्द नया नेतृत्व मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
