फैक्ट्री में हथियारबंद डकैती, चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों का सामान लूटा
Share
ट्रांसफार्मर से तांबा निकाला, सीसीटीवी डीवीआर और वाई-फाई मॉडेम भी ले गए बदमाश
फतहनगर, 1 जुलाई: रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित अमर ऑयल इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में मंगलवार देर रात छह हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांध दिए और करीब तीन घंटे तक फैक्ट्री में बेखौफ होकर चोरी करते रहे। वारदात से औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बदमाश नकूचा काटकर फैक्ट्री में घुसे और चौकीदार का मोबाइल छीनकर उसकी बैटरी निकाल दी। इसके बाद ट्रांसफार्मर काटकर उसमें से तांबा निकाल लिया तथा गोदाम से तेल के डिब्बे और ट्रांसफार्मर का तेल भी चोरी कर ले गए। पहचान मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और वाई-फाई मॉडेम भी साथ ले गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
