भैरोसिंह शेखावत की कार्यशैली नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा: गजेंद्र सिंह शेखावत
Share
केंद्रीय मंत्री बोले- सबने काफिले की गाड़ियां कम कीं, पीएम का संदेश देश को जागरूक करने के लिए
उदयपुर, 15 मई: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत का जीवन जनसेवा, ईमानदारी और सुशासन का प्रतीक था। उनकी कार्यशैली, दूरदर्शी सोच और जनता से सीधा जुड़ाव आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। वे शुक्रवार को उदयपुर में भैरोसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर आयोजित पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने बाबोसा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब, किसान और जरूरतमंद लोगों के हितों को प्राथमिकता दी।
पीएम का संदेश जागरूकता के लिए
मीडिया से बातचीत में गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया कई तरह की चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री ने देशवासियों को जागरूक करने और सामूहिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के उद्देश्य से संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि “सबका प्रयास और सबका विश्वास” की भावना से देश हर चुनौती का सामना कर सकता है। काफिले की गाड़ियों को कम करने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “सबने काफिले की गाड़ियां कम कर दी हैं, वो तो करना ही है।”
कुशलगढ़ में किया अस्पताल का उद्घाटन
बांसवाड़ा दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कुशलगढ़ में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने क्षत्रिय सभा और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा की।
