हाईवे पर पलटा बायोडीजल टैंकर, तेल लूटने उमड़े ग्रामीण
Share
गोगुंदा हाईवे पर हादसा, केबिन में फंसे ड्राइवर को मशक्कत से निकाला
उदयपुर, 26 मई : उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर मंगलवार देर शाम बायोडीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र में कीर्तिराज होटल के पास हुआ। टैंकर विकट मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गया और पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को 108 एंबुलेंस से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद टैंकर में भरा बायोडीजल सड़क किनारे बहने लगा। तेल बहने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और घरों से बर्तन, मटके, गैलन व ड्रम लेकर तेल भरने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लोगों को मौके से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार टैंकर कांडला से बायोडीजल लेकर उदयपुर आ रहा था। बताया जा रहा है कि हाईवे के खतरनाक मोड़ पर अचानक ब्रेक लगाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
