UPSC-प्री का फर्जी अभ्यर्थी 3-नंबर से RAS बनने से चूका
Share
उदयपुर में फर्जी एडमिट कार्ड लेकर पहुंचा था, जेब में ड्रग्स मिली थी
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए प्रवेश करने पहुंचे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि आरोपी आरएएस-2024 परीक्षा में मात्र तीन अंकों से चयन से चूक गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह IAS बनेगा, लेकिन उसने UPSC परीक्षा का आवेदन ही नहीं किया था।
मामला 24 मई को आयोजित UPSC प्री परीक्षा का है। चित्तौड़गढ़ निवासी विजेश जाट राजकीय फतह सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचा था। जांच के दौरान उसका एडमिट कार्ड फर्जी पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि पिता रमेश जाट के दबाव और उम्मीदों के चलते उसने PICSCART एप की मदद से नकली एडमिट कार्ड तैयार किया था।
पहली पारी में पिता उसे सेंटर तक छोड़कर चले गए, लेकिन दूसरी पारी में वे बाहर खड़े रहे। ऐसे में युवक को लाइन में लगकर एंट्री करनी पड़ी और दस्तावेज जांच में पूरा मामला खुल गया।
पुलिस तलाशी में आरोपी की जेब से करीब एक ग्राम अफीम भी बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि यह अफीम उसे सांवरियाजी मंदिर के बाहर एक बाबा से मिली थी।
आरोपी विजेश ने 2015 से 2019 के बीच बीटेक की पढ़ाई की थी और वर्तमान में ऑनलाइन माध्यम से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

उदयपुर में हाथीपोल चौराहे पर नारेबाजी, कहा- महंगाई से आमजन परेशान
उदयपुर, 27 मई: पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ए-ब्लॉक ने बुधवार को हाथीपोल चौराहे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने तथा आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली ने कहा कि एक ओर जनता बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, गोपाल कृष्ण शर्मा, पंकज कुमार शर्मा, अजय सिंह, हिदायतुल्लाह, देवेंद्र माली, सीमा पंचोली, नजमा मेवाफरोश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के नियम सख्त, गलत जानकारी देने पर वसूला जाएगा पूरा खर्च
आज से शुरू हुए आवेदन, 56 हजार यात्रियों को मिलेगी मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा
उदयपुर, 27 मई: देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में इस बार नियमों को और सख्त कर दिया गया है। अब मुफ्त तीर्थ यात्रा के लिए गलत जानकारी देने वाले आवेदकों से यात्रा पर आया पूरा खर्च वसूला जाएगा। इसके लिए आवेदन के समय वरिष्ठ नागरिकों को अनिवार्य रूप से घोषणा पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) भरना होगा।
सरकार इस वर्ष 56 हजार यात्रियों को तीर्थ यात्रा कराएगी। इनमें 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे, जबकि 6 हजार यात्रियों को हवाई यात्रा के जरिए नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर ले जाया जाएगा। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है और 10 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।
देवस्थान आयुक्त एल.एन. मंत्री ने बताया कि आवेदकों को घोषणा करनी होगी कि वे आयकरदाता नहीं हैं और पहले इस योजना का लाभ नहीं ले चुके हैं। साथ ही यदि आवेदक या उसका जीवनसाथी केंद्र या राज्य सरकार, सरकारी उपक्रम अथवा स्थानीय निकाय से सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी है, तो वे योजना के पात्र नहीं होंगे।
पहले केवल टिक मार्क के जरिए जानकारी ली जाती थी, लेकिन अब लिखित घोषणा अनिवार्य कर दी गई है ताकि अपात्र लोग योजना का लाभ न उठा सकें।
आवेदन देवस्थान विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https://edevasthan2.rajasthan.gov.in/Account/Citizen के माध्यम से किए जाएंगे। पात्र यात्रियों का चयन जिलेवार कंप्यूटरीकृत लॉटरी से होगा। योजना में हवाई यात्रा के लिए 80 वर्ष से अधिक आयु वालों को पात्र नहीं माना गया है। वहीं रेल यात्रा में सहायक को लेकर भी विशेष नियम तय किए गए हैं।
फर्जी वेबसाइट से 4.5 लाख की साइबर ठगी, सोनीपत पुलिस ने उदयपुर से तीन आरोपी पकड़े
कॉल गर्ल सर्विस के नाम पर वेरिफिकेशन और टैक्स शुल्क लेकर ठगे रुपए, मोबाइल फोन बरामद
उदयपुर, 27 मई: हरियाणा के सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन विज्ञापन और फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को उदयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कॉल गर्ल सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 4.5 लाख रुपए ठग लिए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डूंगरपुर जिले के गामड़ी देवकी गांव निवासी देवशंकर, प्रकाश और ईश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर उदयपुर में छापेमारी कर तीनों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल 2026 को सोनीपत निवासी पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि इंटरनेट सर्फिंग के दौरान गूगल क्रोम पर ‘Oklute’ नामक वेबसाइट का विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें कॉल गर्ल सर्विस उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका संपर्क व्हाट्सएप नंबर से हुआ।
आरोपियों ने पहले एडवांस बुकिंग के नाम पर रुपए लिए, फिर सत्यापन शुल्क, सिटी चार्ज और टैक्स शुल्क के नाम पर लगातार रकम मांगते रहे। ठगों ने यह कहकर भरोसा दिलाया कि पूरी राशि बाद में रिफंड कर दी जाएगी। झांसे में आए पीड़ित ने यूपीआई के जरिए अपनी मां के खाते से कुल 4.5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
साइबर थाना प्रभारी पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नाकाबंदी देख शराब से भरी कार छोड़ भागा तस्कर
स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
बांसवाड़ा, 27 मई: बांसवाड़ा पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। हालांकि पुलिस नाकाबंदी देखकर तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में जिला विशेष शाखा (DSB) और आनंदपुरी थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात मानगढ़ तिराहा चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि अर्थूना की ओर से एक कार में अवैध शराब लाई जा रही है। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक गाड़ी घुमाकर भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो तस्कर आमलिया रोड पर कार छोड़ खेतों के रास्ते फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार में बड़ी मात्रा में शराब और बीयर भरी मिली। पुलिस ने 34 बोतल व्हिस्की, 24 बोतल वोडका, कई कार्टून अंग्रेजी शराब तथा बीयर के दर्जनों कार्टून और केन बरामद किए हैं।
पुलिस ने कार और शराब जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फरार तस्कर की तलाश जारी है।
नाले के गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत

घर से डेढ़ किलोमीटर दूर खेलने गई थीं, 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद देर रात निकाले गए शव
बांसवाड़ा, 27 मई: बांसवाड़ा जिले के आबापुरा थाना क्षेत्र में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चियां मंगलवार दोपहर घर से नहाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात करीब चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
घटना नादिया गांव स्थित उमरी नाला डाबरा की है। पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई रवि थापा ने बताया कि मृत बच्चियां भूली (9) पुत्री दिलीप निनामा और रोनिका (8) पुत्री रामप्रसाद निनामा एक ही मोहल्ले की रहने वाली थीं। दोनों दोपहर करीब एक बजे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नाले में नहाने गई थीं।
शाम तक बच्चियों का कोई पता नहीं चलने पर ग्रामीणों और परिजनों ने तलाश शुरू की। लोगों ने उन्हें आखिरी बार गड्ढे के आसपास देखा था। डूबने की आशंका पर रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
अंधेरे और गहरे पानी के बीच पुलिस व ग्रामीणों ने लगातार चार घंटे तक सर्च अभियान चलाया। रात करीब एक बजे दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्रोफेसर महेंद्र सिंह ढाका की बर्खास्तगी पर हाईकोर्ट की रोक, एमएलएसयू को लगाई फटकार

बिना विभागीय जांच कार्रवाई को प्रथम दृष्टया माना अनुचित, विश्वविद्यालय से मांगा जवाब
उदयपुर, 27 मई: राजस्थान हाईकोर्ट ने महेंद्र सिंह ढाका को बड़ी राहत देते हुए उनकी सेवा समाप्ति के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत ने प्रथम दृष्टया माना कि बिना विभागीय जांच और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किए की गई कार्रवाई मनमानी प्रतीत होती है। साथ ही कोर्ट ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी कड़ी टिप्पणी की।
याचिका में प्रोफेसर ढाका ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना समुचित जांच और पक्ष रखने का अवसर दिए उनकी सेवाएं समाप्त कर दीं। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई से पहले विभागीय जांच और जवाब देने का अवसर देना आवश्यक है। अदालत ने माना कि बिना प्रक्रिया अपनाए सेवा समाप्ति prima facie अनुचित प्रतीत होती है।
कोर्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब तलब करते हुए अगली सुनवाई तक बर्खास्तगी आदेश पर रोक लगा दी। इस फैसले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रोफेसर ढाका की ओर से अधिवक्ताओं ने दलील दी कि विश्वविद्यालय ने स्थापित नियमों और सेवा शर्तों की अवहेलना करते हुए एकतरफा कार्रवाई की, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने निर्णय को सही ठहराने का प्रयास किया।
लायंस क्लब उदयपुर अशोका चलाएगा स्टेशनरी अभियान, 14 जून को रक्तदान शिविर
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगी पाठ्य सामग्री, योग दिवस और पिता दिवस पर भी होंगे विशेष कार्यक्रम
उदयपुर, 27 मई: लायंस क्लब उदयपुर अशोका की मासिक बैठक मंगलवार को अशोका पैलेस, शोभागपुरा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने की। इसमें जून-जुलाई माह में आयोजित होने वाली विभिन्न सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी संग्रह अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि 1 जून से 28 जून तक शहर के चार स्थानों पर नई और उपयोग योग्य स्टेशनरी, स्कूल बैग तथा पाठ्य सामग्री एकत्र की जाएगी। जुलाई के प्रथम सप्ताह में यह सामग्री ग्रामीण स्कूलों के बच्चों को वितरित की जाएगी।
क्लब सचिव दिग्विजय रजक ने बताया कि अभियान में लियो क्लब युवा अशोका के सदस्य भी सहयोग करेंगे। वहीं सदस्य समीर रोहिड़ा के प्रस्ताव पर 14 जून को महात्मा गांधी चिकित्सालय में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और पिता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इसमें योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बैठक में धर्मवीर देवल, मनीष जैन, त्रिभुवन सिंह राव और अज़ीज़ अली सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज में पहली बार सीएपीडी तकनीक सफल, अब घर बैठे होगा डायलिसिस

किडनी मरीजों को अस्पताल के चक्कर और भारी खर्च से मिलेगी राहत, आयुष्मान योजना में निःशुल्क सुविधा
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज के नेफ्रोलॉजी विभाग ने संभाग के किडनी रोगियों के उपचार में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार कॉन्टिनुअस एम्बुलेटरी पेरिटोनियल डायलिसिस (सीएपीडी) तकनीक को सफलतापूर्वक लागू किया है। इस आधुनिक पद्धति से अब गंभीर किडनी मरीज घर पर रहकर स्वयं डायलिसिस कर सकेंगे और उन्हें बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज बेनीवाल ने बताया कि सीएपीडी ऐसी उन्नत तकनीक है, जिसमें मरीज के पेट में विशेष कैथेटर लगाकर डायलिसिस द्रव डाला जाता है। यह शरीर के विषैले तत्वों और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालता है। प्रशिक्षण के बाद मरीज इसे घर पर ही सुरक्षित तरीके से कर सकता है।
यह तकनीक खासतौर पर उन मरीजों के लिए वरदान साबित होगी, जिनका ब्लड प्रेशर हेमोडायलिसिस के दौरान बार-बार गिर जाता है, जिनकी नसों में डायलिसिस एक्सेस बनाना मुश्किल होता है या जो हृदय रोग से पीड़ित हैं। दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी इससे बड़ी राहत मिलेगी।
विभाग में यह प्रक्रिया 21 वर्षीय किडनी रोग से पीड़ित युवती पर सफलतापूर्वक की गई। मरीज पिछले तीन महीनों से हेमोडायलिसिस पर थी, लेकिन जटिलताओं के चलते चिकित्सकों ने सीएपीडी का निर्णय लिया। अब वह घर पर ही डायलिसिस कर सकेगी।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने इसे संभाग के मरीजों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सुविधा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इस सफलता में डॉ. हर्षा मखीजा, डॉ. जयदीप राज डामोर सहित विशेषज्ञ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घरेलू विवाद में बेटे की हत्या, पिता जंगल से गिरफ्तार
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बेटे की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शंकरलाल डामोर (50) घटना के बाद फरार होकर करनाउवा के जंगल में छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार घटना 25 मई की शाम खांडी ओबरी निचला फला गांव में हुई। मृतक राहुल डामोर का पहले मामूली बात को लेकर अपनी मां और बहन से विवाद हो गया था। इसी दौरान मजदूरी कर घर लौटे पिता शंकरलाल ने बेटे को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन राहुल गाली-गलौज करते हुए चाकू लेकर पिता पर हमला करने दौड़ा।
दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पिता ने राहुल के हाथ से चाकू छीन लिया और गुस्से में गर्दन, पेट सहित शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतक की मां शांता देवी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज में पहली बार सीएपीडी तकनीक सफल, अब घर बैठे होगा डायलिसिस
सादी वर्दी में चोर पकड़ने पहुंचे थे पुलिसकर्मी, राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर जिले के फतहनगर क्षेत्र में मंगलवार रात चोर पकड़ने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने चोर समझकर हमला कर दिया। घटना में एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने चार ग्रामीणों के खिलाफ राजकार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज किया है।
फतहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर खिलानिया ने बताया कि मावली क्षेत्र के मीणा पाड़ा में चोरी की सूचना मिलने के बाद आशंका थी कि आरोपी फतहनगर सीमा में भी वारदात कर सकते हैं। इसी को देखते हुए कांस्टेबल सोनू, हरिओम और रणजीत सादी वर्दी में निजी वाहन से क्षेत्र में गश्त और निगरानी के लिए निकले थे। पुलिसकर्मियों ने जानबूझकर सरकारी वाहन का उपयोग नहीं किया ताकि चोर सतर्क होकर भाग न जाएं।
इस दौरान पुलिस टीम वासनीखुर्द गांव पहुंची, जहां निजी गाड़ी और सादी वर्दी में लोगों को देखकर ग्रामीणों को शक हो गया। गांव में पहले से चोरी की घटनाओं को लेकर सतर्कता थी, इसलिए कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया और उन पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मी लगातार खुद को पुलिस बता रहे थे, लेकिन विवाद बढ़ गया। हमले में कांस्टेबल रणजीत के सिर में चोट आई। फतहनगर पुलिस ने चुन्नीलाल, रमेश, खेमराज और शांतिलाल के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेड़ से टकराई कार, दो युवक घायल
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसा सुखाड़िया सर्किल चौराहे पर हुआ, जहां काले रंग की क्रेटा कार रेलिंग तोड़ते हुए सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के पार्ट्स सड़क पर बिखर गए।
फतहपुरा चौकी पुलिस के अनुसार कार में सवार खारोल कॉलोनी निवासी कुनाल हरिजन और विजय हरिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कार में फंसकर अचेत हो गए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और टर्न लेते समय नियंत्रण खोना बताया गया है। दोनों घायलों का उपचार जारी है।
सीएम से बुजुर्ग बोले- मुझे तीर्थ यात्रा पर जाना है
उदयपुर, 27 मई: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आदिवासी क्षेत्रों के दौरों के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में बुजुर्ग लच्छीराम ने मुख्यमंत्री से तीर्थ यात्रा पर जाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद प्रशासनिक अमले ने तुरंत देवस्थान विभाग को पत्र भेजकर प्रक्रिया शुरू करवाई।
देवस्थान विभाग ने उसी दिन तीर्थ यात्रा योजना और चयन प्रक्रिया की जानकारी भेज दी। वहीं एक अन्य मामले में बच्चे की बीमारी को देखते हुए उसके पिता का तत्काल ट्रांसफर भी किया गया। किसान अशोक धाकड़ ने डेयरी में दूध तौल में गड़बड़ी की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सरस डेयरी बूथ लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों का कहना है कि समस्याओं पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों में भरोसा बढ़ा है।
मैसूर-मदार स्पेशल ट्रेन की अतिरिक्त ट्रिप बढ़ी
चित्तौड़गढ़, 27 मई: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मैसूरू-मदार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन चित्तौड़गढ़ होकर गुजरती है और दक्षिण भारत से राजस्थान आने-जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 06281 मैसूरू-मदार स्पेशल 6 जून से 13 जून तक दो अतिरिक्त ट्रिप चलाएगी। वहीं 06282 मदार-मैसूरू ट्रेन 8 जून से 15 जून तक अतिरिक्त ट्रिप के रूप में संचालित होगी। ट्रेन के समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे के अनुसार इससे दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। हालांकि यात्रियों का कहना है कि छुट्टियों में लंबी वेटिंग को देखते हुए और ट्रेनों की आवश्यकता बनी हुई है।
नाथद्वारा पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी
राजसमंद, 27 मई: पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बुधवार को नाथद्वारा पहुंचे। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में राजभोग झांकी के दर्शन कर देश और किसानों की खुशहाली की कामना की। मंदिर परंपरा के अनुसार अधिकारियों ने उपरना ओढ़ाकर एवं प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया।
दर्शन के बाद चौधरी न्यू कॉटेज पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रदीप काबरा, नगर अध्यक्ष प्रवीण जोशी, हरदयाल सिंह, संदीप श्रीमाली, कपिल उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद चौधरी अपने अगले निर्धारित दौरे के लिए रवाना हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
उज्ज्वला गैस कनेक्शन के दुरुपयोग की होगी जांच
राजसमंद, 27 मई: राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र के कुंचोली गांव में उज्ज्वला गैस कनेक्शन के दुरुपयोग की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश देते हुए पूरे गांव में उज्ज्वला कनेक्शनों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण चुन्नीलाल गमेती और उनकी पत्नी गुलाबी देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके नाम पर छह साल से गैस कनेक्शन का उपयोग कोई अन्य व्यक्ति कर रहा है। जांच के दौरान पटवारी पर परिवादी को दबाव में लेने के आरोप भी लगे। कलेक्टर ने बताया कि आशा सहयोगिनी पर गैस कनेक्शन के दुरुपयोग और सिलेंडरों के व्यवसायीकरण के आरोप हैं। मामले में पटवारी के खिलाफ कार्रवाई और आशा सहयोगिनी पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बल्ब की माला पहन कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
डूंगरपुर, 27 मई: बढ़ती महंगाई और जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में प्रदर्शन किया। सीमलवाड़ा में कांग्रेसियों ने गले में बल्ब की माला पहनकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा और कांग्रेस नेता कैलाश रोत ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि से आम जनता परेशान है। नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली कटौती हो रही है और गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
डूंगरपुर में भूजल स्तर 1.68 मीटर बढ़ा
डूंगरपुर, 27 मई: मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत डूंगरपुर जिले में किए गए जल संरक्षण कार्यों का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। जिले में भूजल स्तर में 1.68 मीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग ने बुधवार को अभियान के तहत हुए कार्यों का निरीक्षण किया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बारिश का पानी तेजी से बह जाता था। इसे रोकने के लिए चेकडेम, परकोलेशन टैंक, एनीकट और माइक्रो स्टोरेज टैंक बनाए गए। करीब 7800 जल संरक्षण कार्यों पर 60 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इन संरचनाओं से पानी का संरक्षण होने के साथ मिट्टी का कटाव भी रुका है। अधिकारियों के अनुसार भूजल स्तर बढ़ने से कुएं, बोरवेल और हैंडपंपों में पानी की उपलब्धता बेहतर हुई है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है।
फाइनेंसकर्मी ने खुद रची थी लूट की कहानी
बांसवाड़ा, 27 मई: सल्लोपाट थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से हुई 1.42 लाख रुपए की कथित लूट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह असली लूट नहीं थी, बल्कि कंपनी के पैसे हड़पने के लिए खुद कर्मचारी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर फर्जी कहानी रची थी।
फाइनेंस कर्मचारी अंजेश डामोर ने 5 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाइक सवार बदमाशों ने तलवार दिखाकर नकदी और मोबाइल लूट लिए। पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ में अंजेश की गतिविधियां संदिग्ध पाईं। बाद में मनोवैज्ञानिक पूछताछ में अंजेश डामोर, मनीष पारगी और निर्मल पारगी ने साजिश कबूल कर ली। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस साजिश में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
लसाड़िया, 27 मई: सलूम्बर जिले के कूण थाना क्षेत्र स्थित केलवा तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आरणिया निवासी शांति लाल कालबेलिया के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शांति लाल मंगलवार शाम तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। ग्रामीणों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सर्च अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने तालाब क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
फ्लाइट से जाकर चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार
उदयपुर, 27 मई: उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है जो चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए फ्लाइट से सफर करता था। आरोपी अलग-अलग शहरों में हवाई यात्रा कर चोरी करता और फिर आसानी से फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी सहित कई अपराधों में सक्रिय था। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब उससे अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। मामले में चोरी का माल बरामद करने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि आरोपी की गतिविधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
