महिला आरक्षण पर भाजपा भ्रम फैला रही: पंखुरी पाठक
Share
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा—महिला आरक्षण की आड़ में राजनीतिक लाभ लेना चाहती है भाजपा
उदयपुर, 21 अप्रैल: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुरी पाठक ने उदयपुर में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर भाजपा भ्रम की राजनीति कर रही है।
पंखुरी पाठक ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर यह प्रचारित किया गया कि महिलाओं के हित में बड़ा फैसला लिया जाएगा, लेकिन विधेयक का ड्राफ्ट पहले सांसदों को उपलब्ध नहीं कराया गया। विपक्ष द्वारा सर्वदलीय बैठक की मांग भी अनसुनी कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही थी, जिससे राज्यों की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक संतुलन प्रभावित हो सकता था। विपक्ष की एकजुटता के कारण यह प्रयास विफल हुआ।
पाठक ने कहा कि भाजपा के पास जनता के मुद्दों जैसे महंगाई और बेरोजगारी पर जवाब नहीं है, इसलिए महिला आरक्षण के नाम पर ध्यान भटकाया जा रहा है। प्रेस वार्ता में कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने पार्टी की महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता दोहराई।
