भाजपा विधायक बोले- वोट नहीं दिया तो मकान-दुकानें टूटेंगी
Share
भीम में चुनावी सभा के दौरान वायरल वीडियो से विवाद, विधायक हरिसिंह रावत ने कहा- बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया
राजसमंद, 9 सितंबर: भीम नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा विधायक हरिसिंह रावत का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में विधायक वार्ड 15 के लोगों से कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि यदि उनका समर्थित प्रत्याशी चुनाव नहीं जीता तो मकान-दुकानें टूट सकती हैं और बाद में उनके पास शिकायत लेकर नहीं आना। विधायक ने लोगों से 11 सितंबर को भाजपा के चुनाव चिह्न फूल का बटन दबाने की अपील करते हुए कहा कि तभी क्षेत्र में विकास होगा।
‘मेरा आदमी नहीं जीता तो शिकायत लेकर मत आना’
वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि उनके वार्ड में दूसरा व्यक्ति जीतकर आया तो विकास की उम्मीद नहीं करना। उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि जो लोग उनके खिलाफ गए हैं, उनके कच्चे-चिट्ठे खुल जाएंगे। विधायक के इन बयानों को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। भीम नगर पालिका और राजसमंद नगर परिषद में 11 सितंबर को मतदान होना है।
विधायक बोले- अवैध निर्माण पर कार्रवाई की बात थी
वायरल वीडियो सामने आने के बाद विधायक रावत ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनका आशय सरकारी या सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों से था। उन्होंने दावा किया कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में कुछ दुकानों का निर्माण कर उन्हें लाखों रुपए में बेच दिया गया था, जिन पर भाजपा का बोर्ड बनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रावत ने कहा कि उन्होंने पशु चिकित्सा भवन की जमीन के बाहर किए गए अवैध निर्माण का भी उल्लेख किया था। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को बदनाम करना नहीं था।

