संभाग के संक्षेप समाचार: ब्राउन शुगर तस्कर को एक साल की सजा
Share
बांसवाड़ा, 12 जून: जिला एवं सत्र न्यायालय ने ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में आरोपी साबिर खान को दोषी मानते हुए एक वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। मामला वर्ष 2021 का है, जब कोतवाली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों और 33 दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोप सिद्ध किए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम सुरेश प्रसाद ने उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद फैसला सुनाया। जुर्माना जमा नहीं कराने पर आरोपी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
बस-बाइक भिड़ंत में युवक की मौत
डूंगरपुर, 12 जून: डूंगरपुर-खेरवाड़ा मार्ग पर पालबड़ा गांव के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रोडवेज बस उदयपुर से डूंगरपुर की ओर आ रही थी और बाइक सवार युवक-युवती विपरीत दिशा में जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल युवती को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है तथा मृतक और घायल युवती की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
जहर खाने से किशोरी की मौत
डूंगरपुर, 12 जून: जिले के वीरपुर गांव में 14 वर्षीय किशोरी की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किशोरी ने अपनी मां के घर लौटने पर बताया कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोरी ने विषाक्त पदार्थ क्यों और किन परिस्थितियों में सेवन किया। मामले की जांच जारी है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
डूंगरपुर, 12 जून: सदर थाना क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार धताना निवासी थावरचंद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में थावरचंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया। मृतक के पुत्र ललित कलासुआ की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की जिम्मेदारी तय करने में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शादी के 24 दिन बाद युवक ने दी जान
बांसवाड़ा, 12 जून: भुंगड़ा थाना क्षेत्र के चाचाकोटा गांव में शादी के महज 24 दिन बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक वीलचंद चरपोटा (22) की शादी इसी वर्ष 18 मई को हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। परिजनों ने युवक को फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमजी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं, हालांकि परिजनों ने युवक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी दी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जहरीले जीव के काटने से बालिका की मौत
प्रतापगढ़, 12 जून: सालमगढ़ थाना क्षेत्र के पिंकथली गांव में खेत पर काम कर रही 15 वर्षीय कल्पना मीणा की जहरीले जीव के काटने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार खेत में काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले दलोट उप स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पिता कैलाश मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कल्पना ने हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
