पट्टा बनाने के नाम पर ₹43,500 रिश्वत मांगी, मामला दर्ज
Share
राजसमंद में ग्राम विकास अधिकारी और सरपंच (प्रशासक) पर एसीबी की कार्रवाई, ट्रैप से पहले लगी भनक
उदयपुर, 4 अगस्त: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद जिले की ग्राम पंचायत तासोल में पट्टा बनाने की एवज में ₹43,500 रिश्वत मांगने के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी करण सिंह राव और सरपंच (प्रशासक) भंवरलाल सरगरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर चौकी राजसमंद ने शिकायत के सत्यापन के बाद प्रकरण संख्या 218/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत की थी कि उसके बाड़े का पट्टा जारी करने के बदले दोनों आरोपी रिश्वत की मांग कर लगातार परेशान कर रहे थे। उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें ₹43,500 की रिश्वत मांग की पुष्टि हुई।
सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई, लेकिन आरोपियों को कार्रवाई की भनक लग जाने से ट्रैप सफल नहीं हो सका। इसके बाद दोनों के विरुद्ध विधिवत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में मामले की जांच जारी है।

